चंडीगढ़ , जुलाई 09 -- पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार बागवानी क्षेत्र को आधुनिक एवं मजबूत बनाने के लिए तेजी से काम कर रही है और इसी कड़ी में करीब 1,300 करोड़ रुपये की जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जिका) की सहायता से एक नयी परियोजना जल्द शुरू की जायेगी, जिसका उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ्र ही जलवायु-अनुकूल तथा उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों को बढ़ावा देना है।

श्री भगत ने आज यहां पंजाब भवन में प्रेस वार्ता में बताया कि इस परियोजना के तहत आधुनिक तकनीकों को अपनाने, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने, बागवानी ढांचे को मजबूत करने और किसानों की आमदनी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इससे राज्य के बागवानी क्षेत्र को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ किसानों के साथ-साथ युवाओं को भी मिल रहा है। इन योजनाओं के कारण पंजाब के युवा अब विदेश जाने के बजाय बागवानी को रोजगार के बेहतर विकल्प के रूप में अपना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड योजना के तहत 28,195 परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है। इस योजना के तहत किसानों को विभिन्न वित्तीय संस्थानों से लगभग 6,729 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध कराये गये हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से छोटे और सीमांत किसानों के लिए काफी लाभकारी साबित हुई है। साथ ही, पंजाब देश में इस योजना के तहत सबसे अधिक परियोजनाओं को मंजूरी दिलाने वाला राज्य बन गया है।

बागवानी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की किसान समर्थक नीतियों और बागवानी को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहन के चलते राज्य में बागवानी का रकबा बढ़कर 5.21 लाख हेक्टेयर हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में पंजाब बागवानी के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित