चंडीगढ़ , मई 22 -- पंजाब में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और जालंधर, लुधियाना और पठानकोट समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार जालंधर और पठानकोट में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर भी देखने को मिला।
चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहा। शुक्रवार को कई इलाकों में गर्म हवाएं चलीं, जिससे लोगों को उमस और तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
पंजाब में गुरुवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने आज चंडीगढ़ और मोहाली में बादल छाने, 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश के आसार जताये हैं। चौबीस से 26 मई तक मौसम साफ रहने और तापमान दोबारा बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
गर्मी बढ़ने के साथ पानी की खपत भी तेजी से बढ़ रही है। विशेषज्ञों ने लोगों से पानी बचाने की अपील की है। टंकी ओवरफ्लो रोकने, लीक नल ठीक करवाने, आरओ का बचा पानी दोबारा इस्तेमाल करने और जरूरत के हिसाब से पानी संग्रह करने की सलाह दी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित