चंडीगढ़ , जून 01 -- पंजाब में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने राज्य भर में पुलिस की मौजूदगी और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने सभी पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को रणनीतिक नाकाबंदी, मोबाइल पेट्रोलिंग, वाहन जांच और क्षेत्रीय निगरानी को तेज करने के लिए कहा है ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।

श्री यादव ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, रेंज डीआईजी, पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी के साथ वर्चुअल माध्यम से उच्चस्तरीय कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य की अपराध स्थिति की समीक्षा करने के साथ-साथ पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गयी।

पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिये कि सभी जिलों में पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाई जाये और वहां से गुजरने वाले अधिकतम वाहनों की गहन जांच सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि मोबाइल पेट्रोलिंग को भी तेज किया जाये, ताकि आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और पूरे पंजाब में सुरक्षा का मजबूत माहौल बनाया जा सके। उन्होंने जिला पुलिस प्रमुखों को अधिकतम पुलिस बल को मैदान में तैनात करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे आम जनता में विश्वास और सुरक्षा की भावना बढ़ेगी।

बैठक के दौरान पंजाब सरकार के दो प्रमुख अभियानों 'युद्ध नशों विरुद्ध' और 'गैंगस्टरों पर वार' की प्रगति की भी समीक्षा की गयी।

श्री यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस अब नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अवैध हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जो मध्य-पूर्वी देशों के जरिए नशा कारोबार से जुड़े धन को पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि हवाला नेटवर्क के माध्यम से नशा तस्करी को वित्तीय सहायता देने वाले तत्वों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जनता से बेहतर तालमेल पर जोर देते हुए पुलिस महानिदेशक ने सभी पुलिस आयुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा ग्राम रक्षा समितियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच मजबूत साझेदारी से अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाये रखने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित