चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- पंजाब सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में बड़ा सुधार करते हुए निजी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों के वितरण से बिचौलियों की भूमिका खत्म करने का फैसला लिया है और सत्र 2026-27 से पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी ) सीधे कक्षा एक से 12 तक के छात्रों को किताबें उपलब्ध कराएगा।
राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने गुरुवार को इस फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि इससे अधिक पारदर्शिता आएगी, अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम होगा और छात्रों को समय पर किताबें मिल सकेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब स्कूल किताबों के वितरण में केवल सुविधा प्रदाता की भूमिका निभाएंगे और निर्धारित छूट वाली कीमत से अधिक कोई राशि नहीं वसूल सकेंगे।
श्री बैंस ने बताया कि इस नयी व्यवस्था से निजी स्कूलों के 10 लाख से अधिक छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले किताब विक्रेताओं को मिलने वाली 15 प्रतिशत छूट अब सीधे छात्रों और उनके परिवारों को मिलेगी, जिससे शिक्षा सस्ती और सुलभ बनेगी। नयी प्रणाली को लागू करने के लिए पीएसईबी ने एक विशेष ई-पोर्टल और मोबाइल ऐप विकसित किया है। इसके जरिए छात्र और अभिभावक ऑनलाइन किताबों की मांग दर्ज कर सकेंगे, जबकि स्कूल कक्षा और विषय के अनुसार अपनी आवश्यकताएं अपलोड करेंगे। प्रत्येक छात्र को व्यक्तिगत लॉगिन आईडी दी जाएगी, जिससे वे सीधे ऑर्डर भी कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित