चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के पंजाब महासचिव सिमरनजीत सिंह मान ने सोमवार को राज्य में नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे का कारोबार बढ़ रहा है और युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं।

श्री मान ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी और इसके खिलाफ संघर्ष करेगी।

श्री मान कुछ समय पहले भारतीय जनता पार्टी छोड़कर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) में शामिल हुए थे। अब वह राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को उठाने में सक्रिय हैं। पार्टी ने सोमवार को मोहाली के गुग्गा माड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुलदीप सिंह को जिले का प्रधान नियुक्त किया। इस मौके पर पार्टी के पंजाब प्रधान कुलवंत सिंह भाई केरा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पंजाब युवा प्रधान साजन सिधाना और पार्टी के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं सोशल मीडिया प्रभारी अवतार सिंह भी शामिल हुए। नेताओं ने कुलदीप सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने तथा लोगों की समस्याओं को उठाने की उम्मीद जताई। इस दौरान पार्टी के विस्तार और उसकी नीतियों को लोगों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित