जालंधर , अक्टूबर 24 -- पंजाब में जालंधर पुलिस ने भार्गो कैंप थाना क्षेत्र के बुढ़ा मॉल पार्क के पास नशे के कथित प्रभाव में एक व्यक्ति का वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त वेस्ट आतिश भाटिया ने शनिवार को बताया कि वीडियो पुलिस के संज्ञान में आने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ छापेमारी की गयी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वरुण उर्फ रवि कुमार के रूप में हुई है। इस दौरान उससे एनडीपीएस अधिनियम से संबंधित पदार्थ बरामद किये गये। भार्गो कैंप थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी एक मामला दर्ज था, जिसके सिलसिले में वह कपूरथला जेल में बंद रह चुका है। पुलिस अब उसके संपर्कों और नशा तस्करी से जुड़े संभावित आगे-पीछे के संबंधों की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर अफवाहें न फैलायें और किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित