पंचकूला , अगस्त 03 -- मौसम विज्ञान विभाग ने अगले दो दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ क्षेत्र में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, इसके बाद मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ेंगी और अधिकांश क्षेत्रों में हल्की बारिश ही होने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विज्ञान कार्यालय द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार पूर्वोत्तर राजस्थान के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं, मानसूनी ट्रफ बीकानेर, दिल्ली, लखनऊ और पटना होते हुए मणिपुर की ओर गुजर रही है। इसके अलावा जम्मू क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय बना हुआ है, जिससे उत्तर भारत के मौसम पर असर पड़ रहा है।
बुलेटिन के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को पंजाब के ब्यास,और रावी नदी उप-बेसिनों में 26 से 50 मिमी तक बारिश होने का अनुमान है। वहीं घग्गर और सतलुज नदी बेसिनों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। छह अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने और अधिकांश क्षेत्रों में केवल हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने आज और कल ब्यास, रावी और सतलुज नदी उप-बेसिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है। हालांकि इसके बाद के दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित