चंडीगढ़ , अक्टूबर 03 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार ने दिव्यांग व्यक्तियों के लिए अब तक करीब 255 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की है और वर्तमान में करीब 2.84 लाख लाभार्थियों को नियमित सहायता दी जा रही है।
डॉ कौर ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में दिव्यांगों के लिए वित्तीय सहायता योजना के तहत 498.16 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र दिव्यांग व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। वित्तीय सहायता से लाभार्थियों को दैनिक जरूरतें पूरी करने और सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद मिल रही है।
उन्होंने दिव्यांग व्यक्तियों और उनके परिवारों से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय संस्थाओं से भी पात्र लाभार्थियों की पहचान में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी हकदार व्यक्ति सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित