चंडीगढ़ , सितंबर 14 -- पंजाब के आबकारी एवं कराधान विभाग ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) प्रावधानों के उल्लंघन की आशंका में 170 वाहनों को पकड़ कर उनमें से पांच करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का लोहे का कबाड़ और तैयार लौह-इस्पात सामग्री जब्त की है।

वित्त, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सोमवार को बताया कि राज्य की सभी जांच एवं रोकथाम इकाइयों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। मंडी गोबिंदगढ़ और खन्ना पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए अभियान चलाया गया।

श्री चीमा के अनुसार, बड़ी संख्या में वाहनों के पास उचित चालान और निर्धारित दस्तावेज नहीं मिले। हिरासत में लिए गए माल की विस्तृत जांच की जा रही है और इसे करीब एक सप्ताह में पूरा करने का लक्ष्य है।उन्होंने कहा कि जांच के बाद देय कर और अन्य वैधानिक बकाया निर्धारित कर उनकी वसूली की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना दस्तावेज माल की आवाजाही और कर चोरी पर रोक लगाने के लिए विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित