चंडीगढ़ , जून 01 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

श्री रंधावा ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही वह 'रंगला पंजाब' है, जिसका वादा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किया था, जहां मामूली विवादों पर लोगों को गोली मारी जा रही है और दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब अब 'खून से सना पंजाब' बनता जा रहा है और राज्य की जनता जानना चाहती है कि यह खून-खराबा कब रुकेगा तथा अपराधियों को किसके संरक्षण में खुली छूट दी जा रही है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि जंडियाला गुरु में सरकारी स्कूल के शिक्षक जगदीप सिंह की उस समय दिनदहाड़े हत्या कर दी गयी, जब वह अपनी बेटी को ट्यूशन छोड़ने जा रहे थे। वहीं मक्खी में किराना दुकानदार गुरचरण सिंह को गोली मार दी गयी। इसके अलावा लुधियाना में फायरिंग की घटनायें सामने आईं, जबकि जालंधर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी ने लोगों में दहशत पैदा कर दी।

श्री रंधावा ने यह भी कहा कि इससे पहले हरिके पत्तन चौकी पर तैनात एक होमगार्ड जवान को बदमाशों ने घायल कर उसका हथियार छीन लिया और फरार हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं दर्शाती हैं कि अपराधियों में न तो पुलिस का डर है और न ही सरकार का। उन्होंने कहा कि पंजाब में हालात इतने चिंताजनक हो चुके हैं कि आम लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। राज्य में हत्या, गैंगवार, लूटपाट और गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह नाकाम रही है और पंजाब को अराजकता की ओर धकेल रही है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए तुरंत प्रभावी और कड़े कदम उठाये तथा अपराधियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव या हस्तक्षेप के सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित