चंडीगढ़ , अगस्त 25 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को कहा कि राज्य में चीनी की कोई कमी नहीं है और सरकार इसके स्टॉक, बिक्री तथा आपूर्ति पर नियमित निगरानी रख रही है।
उन्होंने अधिकारियों को चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी या कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री मान ने कहा कि पंजाब में चीनी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और अधिकारियों को हर समय पर्याप्त स्टॉक बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीनी प्रत्येक परिवार की जरूरत की आवश्यक वस्तु है और इसकी उपलब्धता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने या जमाखोरी की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाये। उन्होंने लोगों के बीच चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट या भ्रम को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण वर्ष 2025-26 में देशभर के साथ-साथ पंजाब में भी गन्ने के उत्पादन में कमी आयी है। इसके बावजूद राज्य में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और स्थिति चिंताजनक नहीं है।
श्री मान ने चीनी मिलों में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने चीनी के लिए निर्धारित स्टॉक सीमा को सख्ती से लागू करने तथा खाद्य स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर पंजीकरण और साप्ताहिक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने थोक उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित चीनी स्टॉक सीमा को भी प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि आम जनता के हित में सरकार चीनी की बिक्री, स्टॉक और आपूर्ति पर लगातार नजर बनाये रखेगी।
श्री मान ने कहा कि पंजाब में चीनी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित