चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को नगर कौंसिल दीनानगर, नगर कौंसिल गुरदासपुर, नगर कौंसिल कादियां और नगर कौंसिल शाम चौरासी के सदस्यों के चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

यह चुनाव 13 जून को करवाये जाएंगे।

राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मई से शुरू होगी। उम्मीदवार संबंधित निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि तीन जून दोपहर तीन बजे तक निर्धारित की गयी है। नामांकन पत्रों की जांच चार जून को की जाएगी, जबकि उम्मीदवार पांच जून को दोपहर तीन बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार मतदान 13 जून को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किये जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिये गये हैं।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगर परिषद क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता (मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट) तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित