चंडीगढ़/एसएएस नगर , अगस्त 26 -- पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के वर्षभर चलने वाले समारोहों के तहत राज्यभर में 92 विशेष ड्रोन शो आयोजित करेगी।
यह जानकारी पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने बुधवार को दी। श्री सोंद ने जिला प्रशासनिक परिसर, एसएएस नगर में साहिबजादा अजीत सिंह नगर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के उपायुक्तों के साथ बैठक कर ड्रोन शो और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बैठक में ऑनलाइन भाग लिया। इस दौरान मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह, पंजाब पर्यटन एवं विरासत संवर्धन बोर्ड के सलाहकार दीपक बाली तथा डेरा कथार से जुड़े संत बाबा प्रदीप दास जी भी मौजूद रहे।
श्री सोंद ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार संतों के मार्गदर्शन में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इनमें कीर्तन दरबार, विश्वविद्यालयों में सेमिनार, स्कूल स्तर की प्रतियोगिताएं और गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं एवं बाणी पर आधारित विशेष वृत्तचित्र की स्क्रीनिंग शामिल है।
उन्होंने बताया कि सितंबर से ड्रोन शो शुरू होंगे और प्रत्येक शो में 500 से अधिक ड्रोन हिस्सा लेंगे। रात के आकाश में डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से गुरु रविदास जी के जीवन, बाणी और शिक्षाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि विशेष रूप से युवा पीढ़ी को उनके संदेश से जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ड्रोन शो लगभग 25 से 30 मिनट का होगा। उन्होंने उपायुक्तों को उपयुक्त स्थानों की पहचान करने तथा शो के स्थान और समय की जानकारी आम लोगों को पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
श्री सोंद ने बताया कि नवंबर में काशी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका समापन पवित्र स्थल खुरालगढ़ साहिब में होगा। उन्होंने कहा कि खुरालगढ़ साहिबमें श्री गुरु रविदास जी के लंबे समय तक रहने की मान्यता है। काशी से निकलने वाली शोभा यात्रा मोहाली में ठहरेगी।उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर तैयार विशेष वृत्तचित्र अब तक पंजाब के करीब 3,500 गांवों में दिखाया जा चुका है। राज्य के करीब 13,500 गांवों तक यह संदेश पहुंचाने के लिए 50 वैन लगातार विभिन्न क्षेत्रों में घूम रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के समापन के अवसर पर दिसंबर में खुरालगढ़ साहिब में तीन दिवसीय विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
संत बाबा प्रदीप दास जी ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की संगत इन कार्यक्रमों से प्रसन्न है।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने ऑनलाइन बैठक में कहा कि वर्षभर चल रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से संगत में सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण बना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित