चंडीगढ़ , अप्रैल 02 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब आढतिया एसोसिशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और कहा कि अभी भी पंजाब की जनता के पास सुधार का अवसर है और केवल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार दे सकती है।

पंजाब आढ़तिया (कमीशन एजेंट) एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर आवास पर श्री सैनी से मुलाकात की। इस दौरान पंजाब में आढ़तियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और मौजूदा संकट पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि पंजाब में करीब 40 हजार आढ़ती, लगभग 12 लाख मुनिम और छह से सात लाख मजदूर इस व्यवस्था से जुड़े हुए हैं। आढ़तियों की समस्याओं के चलते राज्य में हड़ताल जारी है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और लाखों परिवारों की आजीविका पर असर पड़ा है। फसल खरीद के मौजूदा सीजन में किसान, मजदूर और आढ़ती सभी कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

इस पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब के दौरे के दौरान उन्होंने पाया कि किसान, व्यापारी और मजदूर सभी संकट में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रही है और उसकी नीतियों के कारण पंजाब की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।

उन्होंने कहा कि अभी भी पंजाब की जनता के पास सुधार का अवसर है और केवल भाजपा ही किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों के हितों की रक्षा करने वाली सरकार दे सकती है।

हरियाणा का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि राज्य में 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है। साथ ही आढ़तियों के कमीशन में समय-समय पर वृद्धि कर उनकी आय और सम्मान की रक्षा सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में गेहूं पर आढ़तियों को 55 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन दिया जाता है, जो पंजाब की दर से नौ रुपये अधिक है।

प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं और सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पंजाब आढ़तिया फेडरेशन के अध्यक्ष विजय कालरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह बराड़, उपाध्यक्ष देवी दयाल, पटियाला आढ़तिया एसोसिएशन के अध्यक्ष मुल्क राज गुप्ता और मोगा के अध्यक्ष समीर जैन ने किया।

बैठक में पंजाब भाजपा (संगठन) के महासचिव मंत्री श्रीनिवासुलु, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. प्रभलीन और बीबी भारती भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित