चंडीगढ़ , जुलाई 27 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने संगरूर स्थित भाजपा कार्यालय पर हुए कथित पेट्रोल बम हमले और पटियाला में एक मकान पर हुए इसी तरह के हमले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।

सोमवार को यहां जारी बयान में ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में लगातार हो रहे विस्फोट, हमले, लूट, हत्याएं और हिंसक घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि राज्य सरकार नागरिकों के जान-माल की रक्षा करने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि आम लोग अब अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह जिले संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला और पटियाला में एक घर पर इसी तरह का हमला यह दर्शाता है कि अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गृह मंत्री के अपने जिले में ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो पूरे पंजाब की सुरक्षा की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि राज्य में लगातार हो रहे हमलों की एक कड़ी है। उन्होंने मोगा पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमला, जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के निकट विस्फोट, चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय पर ग्रेनेड हमला, जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर हमला, अमृतसर में मंदिर पर हमला, गुमटाला पुलिस चौकी पर हमला, तरनतारन के सरहाली थाने पर आरपीजी हमला, मोहाली स्थित इंटेलिजेंस मुख्यालय पर आरपीजी हमला तथा अमृतसर के भिंडी सैदां पुलिस स्टेशन पर हैंड ग्रेनेड हमले जैसी घटनाओं का भी उल्लेख किया।

श्री ढिल्लों ने कहा कि जब पुलिस थाने, इंटेलिजेंस मुख्यालय, धार्मिक स्थल और राजनीतिक दलों के कार्यालय तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा भगवान भरोसे है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर केवल दावे और प्रचार कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब का शासन चलाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।

श्री ढिल्लों ने दावा किया कि पंजाब की जनता अब राज्य सरकार से हर ऐसी घटना का जवाब मांगेगी और बदलाव के नाम पर किये गये वादों की वास्तविकता को उजागर करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित