चंडीगढ़ , मई 31 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी की सरकार जनता से किये गये वादों को पूरा करने में विफल रही है।
श्री सैनी ने कपूरथला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि निकाय चुनावों के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी हुई और राज्य में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को जनता को बताना चाहिए कि चुनावों के दौरान किये गये वादों में से कितने पूरे किये गये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हुए और गैंगस्टरवाद के कारण लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम को लेकर भी उन्होंने कहा कि इसके अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित