चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने गुरुवार को बताया कि राज्य में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का 99.21 प्रतिशत काम पूरा हो गया है और पूरी प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गयी है।
सुश्री मित्रा ने बताया कि राज्य के आठ जिलों-मोगा, शहीद भगत सिंह नगर, मानसा, तरनतारन, फरीदकोट, संगरूर, पटियाला और मालेरकोटला-में एसआईआर का 100 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा राज्य के 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 55 में भी प्रक्रिया पूरी हो गयी है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में नोटिस जारी किये गये हैं और सुनवाई या दस्तावेज जमा कराना बाकी है, वहां बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) स्वयं मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। इससे मतदाताओं को व्यक्तिगत सुनवाई या दस्तावेज जमा कराने के लिए निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में कुछ काम बाकी है, वहां मतदाताओं की सुविधा के लिए सप्ताहांत में विशेष शिविर लगाये जा रहे हैं। मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं और शंकाओं के समाधान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में सहायता केंद्र भी स्थापित किये गये हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से बीएलओ और अन्य चुनाव अधिकारियों को सहयोग देने तथा आवश्यक दस्तावेज और जानकारी जल्द उपलब्ध कराने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित