चंडीगढ़ , सितंबर 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मंगलवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक ही दिन नशे से तीन युवकों की मौत का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की नशा विरोधी नीति पर सवाल उठाए हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि फतेहगढ़ चूड़ियां के तेजा कलां गांव में 22 वर्षीय युवक, समाना के बादशाहपुर में 25 वर्षीय युवक और बठिंडा के पूहला गांव में एक युवक की नशे से मौत की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि पूहला गांव में इसी महीने एक ही परिवार में नशे से मौत की यह दूसरी घटना है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार के दावों के बावजूद राज्य में नशे से होने वाली मौतें चिंता का विषय बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आप ने सत्ता में आने से पहले तीन महीने में पंजाब को नशामुक्त करने का वादा किया था, लेकिन नशे की समस्या पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं हो पाया है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि पंजाब के युवाओं और परिवारों के भविष्य से जुड़ी गंभीर समस्या है। उन्होंने सरकार से मादक पदार्थों की आपूर्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा की 'नशामुक्त पंजाब यात्रा' का उद्देश्य गांवों तक पहुंचकर नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करना है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए काम किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित