चंडीगढ़ , मार्च 02 -- पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली और स्थानीय सरकार मंत्री संजीव अरोड़ा ने सोमवार को 'वर्स्टेड वूलन' और फैंसी यार्न की प्रमुख निर्माता कंपनी गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड द्वारा एक बड़े विस्तार की घोषणा की।

श्री अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गंगा एक्रोवूल्स लिमिटेड 60 से अधिक देशों में निर्यात करती है और वर्तमान में 5,600 से अधिक लोगों को रोजगारदे रही है। इस नये निवेश से 1,500 से अधिक अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी पंजाब में 690 करोड़ का निवेश कर रही है, जिसमें से 53 करोड़ रुपये धान की पराली पर आधारित बॉयलर और टरबाइन में निवेश किये जा रहे हैं। यह संयंत्र प्रति वर्ष लगभग 1,20,000 टन पराली की खपत करेगा, जिससे लगभग 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में खेतों में आग लगने की समस्या समाप्त करने में मदद मिलेगी।

कंपनी के अध्यक्ष अमित थापर ने कहा कि पहले निवेश की योजना 301 करोड़ रुपये की थी, लेकिन पंजाब के व्यापार-अनुकूल माहौल और बेहतर नीतियों के कारण इसे बढ़ाकर 750 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसमें से 400 करोड़ रुपये का निवेश पहले ही किया जा चुका है और शेष राशि अगले 24 महीनों में निवेश की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित