चंडीगढ़ , मई 22 -- ) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाओं बीच शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय के निर्देशों को पूरी तरह लागू करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाएगी और उनके लिए पर्याप्त डॉग शेल्टर भी बनाएगी। बच्चों, बुजुर्गों और परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और लोगों को बिना डर सार्वजनिक स्थानों पर आने-जाने का अधिकार मिलना चाहिए। राज्य सरकार मानव सुरक्षा और पशु कल्याण दोनों को ध्यान में रखते हुए काम करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गत 19 मई को शीर्ष न्यायालय के आदेशों के बाद पंजाब सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आदेश जारी कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, पार्कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों से आवारा कुत्तों को हटाया जाएगा ताकि लोग सुरक्षित माहौल में आवाजाही कर सकें। सरकार राज्यभर में पर्याप्त संख्या में डॉग शेल्टर बनाएगी और उनका रखरखाव भी सुनिश्चित करेगी, जहां आवारा कुत्तों की उचित देखभाल की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि रेबीज से संक्रमित, लाइलाज बीमारी से ग्रस्त या अत्यधिक आक्रामक और मानव जीवन के लिए खतरा बने कुत्तों के मामलों में कानून के तहत अनुमति प्राप्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में यूथेनेशिया (दया मृत्यु) जैसी कार्रवाई भी "प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट" और एबीसी नियमों के अनुसार ही की जाएगी।

श्री मान ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या अब लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है और कई घटनाओं में लोगों पर हमले हुए हैं। इसी को देखते हुए सरकार ने निर्णायक कदम उठाने का फैसला किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित