जीरकपुर , मई 22 -- पंजाब में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि राज्य की जनता आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की ड्रामाबाजी समझ चुकी है और जीरकपुर नगर परिषद चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत तय है।

वार्ड-5 से भाजपा प्रत्याशी नेहा शर्मा के समर्थन में जनसंपर्क के दौरान श्री बड़ौली ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर भरोसा व्यक्त कर रही है। भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति करती है, जबकि विरोधी दल झूठे वादों और भ्रम फैलाने में लगे हैं।

उन्होंने कहा कि आप ने पंजाब में विकास के नाम पर लोगों को गुमराह किया है। कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार और मूलभूत सुविधाओं पर आप पूरी तरह विफल रही। कांग्रेस हमेशा परिवारवाद और सत्ता की राजनीति में उलझी रही। उसके पास जनता के हित में कोई विजन नहीं है।

श्री बड़ौली ने दावा किया कि नगर परिषद चुनाव में आप और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और पंजाब में कमल खिलेगा। उन्होंने वार्ड के विकास के लिए नेहा शर्मा को भारी मतों से जिताने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष पंचकूला अजय मित्तल और प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित