चंडीगढ़ , अगस्त 22 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने अकाली दल (बादल) और भारतीय जनता पार्टी के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों को लेकर शनिवार को तीखा हमला बोला। आप के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने आरोप लगाया कि गठबंधन को लेकर पैदा किया जा रहा माहौल अकाली नेतृत्व की ओर से जानबूझकर बनाया गया है, ताकि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को राजनीतिक रूप से बच निकलने का रास्ता मिल सके।
शनिवार को एक वीडियो संदेश में श्री पन्नू ने कहा कि गठबंधन की चर्चा में सांसद हरसिमरत कौर बादल और पार्टी नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के प्रमुखता से सामने आने से ऐसा प्रतीत होता है किश्री बादल पंजाब से निकलने और अकाली दल की कमान हरसिमरत कौर बादल तथा श्री मजीठिया को सौंपने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग 2015 की बेअदबी और उसके बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को नहीं भूले हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की घटनाओं तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस गोलीबारी में दो लोगों की मौत का दर्द आज भी पंजाबियों के मन में है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से जुड़े सवालों और जवाबदेही से राजनीतिक जोड़-तोड़ या किसी नये गठबंधन के जरिए बचा नहीं जा सकता।
श्री पन्नू ने कहा, " सुखबीर सिंह बादल पंजाब छोड़कर इन सवालों से बचना चाहें तो भी पंजाब उन्हें जवाबदेही से भागने नहीं देगा।"उन्होंने कहा कि अकाली दल के शासनकाल में पंजाब को हुए नुकसान से लोग परिचित हैं और केवल नये गठबंधन की चर्चा से पुरानी घटनाओं और विफलताओं को भुलाया नहीं जा सकता। आप के पंजाब प्रवक्ता नील गर्ग ने भी अकाली दल और भाजपा पर संभावित गठबंधन को लेकर जानबूझकर माहौल बनाने और जनता की प्रतिक्रिया प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता दोनों दलों की राजनीति और उनके शासन के परिणामों को देख चुकी है।
श्री गर्ग ने आरोप लगाया कि वर्ष 2007 से 2017 तक के अकाली-भाजपा शासन ने पंजाब को नशे, माफिया और व्यापक गिरावट की विरासत दी। उन्होंने कहा कि नशे के संकट के साथ जमीन, रेत और परिवहन माफिया के बढ़ने के लिए भी उस दौर की सरकारों को जिम्मेदार माना जाता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब विफल गठबंधनों और सत्ता के बंटवारे की राजनीति नहीं चाहती। लोगों की प्राथमिकता युवाओं के लिए रोजगार, किसानों को उचित लाभ, खेतों तक नहरी पानी, बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हैं।
श्री गर्ग ने कहा कि पंजाब के लोग विकास और काम की राजनीति चाहते हैं, न कि पुराने गठबंधनों को दोबारा खड़ा करने की राजनीति।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित