चंडीगढ़/मोहाली , अक्टूबर 07 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मोहाली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया और भ्रष्टाचार के प्रतीक के रूप में घड़ा फोड़कर तथा सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया।

श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि 'आप' सरकार खुद को भ्रष्टाचार मुक्त बताती रही है, लेकिन उसके शासन में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के संबंध में कई पत्र भेजे गए, लेकिन राज्य सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद मामला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तक पहुंचा।

उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश पर अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इन मामलों की जांच कर रहा है। यदि सरकार ने कोई गलत काम नहीं किया है तो उसे जांच का सामना करना चाहिए और अपनी पारदर्शिता साबित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब की जनता सरकार के कथित भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आगामी समय में जनता सरकार को इसका जवाब देगी।

प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित