नई दिल्ली , अक्टूबर 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेता सरदार हरदेव सिंह उभ्भा ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष सरदार हरजीत सिंह ग्रेवाल से मुलाकात की और उनके साथ प्रदेश में नशीले द्रव्यों के अवैध धंधे से जुड़ी समस्याओं और जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्ददों को उठाया।
बाद में श्री उभ्भा ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि उन्होंने श्री ग्रेवाल से राज्य सरकार के संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के माध्यम से इन मुद्दों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
उन्होंने पंजाब के जिला मानसा में नशे से संबंधित समस्या और गांव भम्मे कलां के युवक दलजीत सिंह उर्फ जीता की कथित तौर पर नशे की बड़ी खुराक से हुई मृत्यु, मोहाली के फेज-5 स्थित डंपिंग ग्राउंड में बार-बार लगने वाली आग, कई रिहायशी क्षेत्रों एवं गांवों में नहरी पानी की नियमित आपूर्ति का अभाव, सेक्टर-87 में भूमि अधिग्रहण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने तथा सेक्टर 66/67 को सेक्टर 80/81 से जोड़ने वाले पुल के निर्माण में लंबे समय से हो रही देरी जैसे अहम मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित