चंडीगढ़ , मार्च 16 -- पंजाब सरकार ने राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को ऐतिहासिक मजबूती प्रदान करते हुए बजट 2026-27 में 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' के लिए 2,000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है।

बजट प्रावधान पर सोमवार को चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "हमारा उद्देश्य स्पष्ट है, बीमारी के कठिन समय में किसी भी परिवार को पैसों की चिंता नहीं करनी चाहिए। पंजाब के हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा देना हमारी प्राथमिकता है।" उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब पंजाब के परिवारों को सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। यह कार्यक्रम अब पंजाब के लगभग 65 लाख परिवारों को कवर कर रहा है, जिससे सीधे तौर पर 3 करोड़ निवासियों को सुरक्षा कवच मिला है। लाभार्थियों को 820 से अधिक सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिल रही है। वर्तमान में योजना के अंतर्गत 2,300 से अधिक मेडिकल पैकेज शामिल हैं, जिनमें हृदय रोग, कैंसर, गुर्दे की बीमारी और गंभीर चोटों जैसे जटिल इलाज भी मुफ्त उपलब्ध हैं।

श्री मान ने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सरकार ने पिछले कुछ समय में स्वास्थ्य विभाग में 1,500 से अधिक नए डॉक्टरों की नियुक्ति की है। इनमें 600 विशेषज्ञ और 900 सामान्य चिकित्सक शामिल हैं। यह संख्या पंजाब में कार्यरत कुल डॉक्टरों का लगभग 35 प्रतिशत हिस्सा है। सरकार ने अब तक नौ लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी कर दिए हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को तेज करने के लिए प्रशिक्षित यूथ क्लब के सदस्य घर-घर जाकर लोगों की सहायता कर रहे हैं। पात्र निवासी अपने नजदीकी सेवा केंद्रों और कॉमन सर्विस सेंटरों पर जाकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित