जालंधर , फरवरी 25 -- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को जालंधर के पी ए पी कैंपस में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में शिरकत की। इस अवसर पर 2,577 नये पुलिस जवान औपचारिक रूप से पंजाब पुलिस का हिस्सा बने।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती राज्य होने के नाते पंजाब पुलिस पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और खतरों के खिलाफ देश की पहली रक्षा पंक्ति के रूप में कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मार्च 2022 से अब तक 12,010 से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा चुकी है। 2026 में 3,400 अतिरिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
श्री मान ने कहा कि पुलिस बल को वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए 1,100 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है, जिसने पुलिस में 112 तकनीकी विशेषज्ञ, फोरेंसिक एक्सपर्ट और आईटी पेशेवरों की भर्ती की है ताकि साइबर अपराध और गैंगस्टरों से निपटा जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एआई तकनीक का समावेश किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ड्रोन घुसपैठ और असामाजिक तत्वों के जरिए शांति भंग करने की कोशिश करता है, लेकिन पंजाब पुलिस इन नापाक मंसूबों को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि मार्च 2025 से शुरू हुए युद्ध नशे विरुद्ध अभियान के तहत 50,238 गिरफ्तारियां की गयीं और 2,230 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गयी है। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स को आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस किया गया है।
श्री मान ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बनी इस विशेष फोर्स ने अब तक 46,399 जानें बचाई हैं। इसकी प्रशंसा केंद्र सरकार और वैश्विक स्तर पर भी हुई है। उन्होंने कहा, " यह मेरे लिए गर्व की बात है कि आज 2,577 नये और प्रेरित अधिकारी हमारे परिवार में शामिल हुए हैं। हमारी सरकार पंजाब की शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने नशे की सप्लाई लाइन काट दी है और इसे जमीनी स्तर पर खत्म किया जा रहा है।" मुख्यमंत्री ने शहीद हुए दो पुलिसकर्मियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके हत्यारों को पकड़ लिया गया है। उन्होंने नये रंगरूटों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने और न्याय दिलाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित