चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्य में पुलिस अधिकारियों पर लगातार हो रहे हमलों के बाद पंजाब पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी पर हैरानी जतायी है।

श्री जाखड़ ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि पंजाब में अपराधियों में पुलिस का भय खत्म हो गया है और अब पुलिस खुद गैंगस्टरों और बदमाशों से भयभीत नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि कई पुलिस अधिकारियों की अपराधियों द्वारा लगातार हत्या किए जाने के बाद सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति की वास्तविक तस्वीर पेश करती है।

उन्होंने कहा कि एडवाइजरी में पुलिसकर्मियों को अकेले यात्रा न करने, आवागमन के दौरान वर्दी में यात्रा से बचने, दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल न करने और संभव हो तो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी गयी है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह वही पंजाब पुलिस है, जिसने कभी राज्य में आतंकवाद का मुकाबला कर उसे समाप्त किया था। उन्होंने कहा कि एडवाइजरी ने पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित