मोहाली , मई 12 -- पंजाब पुलिस का अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) अब अपराध नियंत्रण, निगरानी और ट्रैफिक प्रबंधन में बड़ा हथियार बनकर उभरा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक की मदद से पंजाब पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने, मामलों को सुलझाने और उपद्रवियों को पकड़ने में लगातार सफलता हासिल कर रही है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने हाल ही में लुधियाना में आईसीसीसी का उद्घाटन किया इस परियोजना के तहत शहर के 259 स्थानों पर करीब 1,700 हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत हुई है।

जालंधर में भी आईसीसीसी परियोजना ने कई अहम मामलों को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाई है। शहर में 1,007 हाई-रेजोल्यूशन कैमरों का नेटवर्क स्थापित है। भार्गव कैंप की ज्वेलरी दुकान में एक करोड़ रुपये के सोने और दो लाख रुपये नकद लूट के मामले में आईसीसीसी ने आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाने में मदद की, जिसके बाद चोरी का माल बरामद किया गया।

पूर्व मंत्री और भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में भी आईसीसीसी की फुटेज अहम साबित हुई। पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक कर एक आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया। इसके अलावा संतोखपुरा फायरिंग केस, मॉडल टाउन हत्या कांड और ट्रैवल शॉप लूट जैसे मामलों में भी आईसीसीसी से जांच एजेंसियों को सफलता मिली है। जालंधर में कुल 982 फिक्स्ड कैमरे, 15 पैन-टिल्ट-ज़ूम कैमरे और 10 स्थानों पर फेस रिकग्निशन सिस्टम लगाए गए हैं। ऑपरेटर कुछ सेकंड में हजारों घंटों की फुटेज खंगाल सकते हैं।

श्री यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों और संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है और आईसीसीसी इस लड़ाई को और मजबूत बना रहा है।

जालंधर के पुलिस कमिश्नर धनप्रीत रंधावा ने कहा कि आईसीसीसी शहर के "ब्रेन" की तरह काम करता है, जो कच्चे डेटा को उपयोगी खुफिया जानकारी में बदलता है। इससे पुलिस, ट्रैफिक और नगर निगम विभागों के बीच तालमेल तेज हुआ है।

लुधियाना में नए आईसीसीसी से पीसीआर का प्रतिक्रिया समय 15 मिनट से घटकर सात से आठ मिनट रह गया है। इसके साथ ही 46 स्थानों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम भी लगाया गया है। पंजाब पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और मानव बुद्धिमत्ता के इस मेल से राज्य में अपराध नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा को नई मजबूती मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित