चंडीगढ़ , मई 26 -- पंजाब में मंगलवार को आठ नगर निगमों, 75 नगर कौंसिलों और 20 नगर पंचायतों के लिए हो रहे मतदान के दौरान कई जगहों पर हिंसा, झड़प, पथराव और हंगामे की घटनाएं सामने आईं।

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार अपराह्न दो बजे तक 45.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराये जा रहे हैं और कुल 7,555 उम्मीदवार मैदान में हैं।

सबसे बड़ा विवाद पटियाला जिले के समाना के वार्ड नंबर-19 में सामने आया, जहां मतदान के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच टकराव हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और हालात बिगड़ने पर हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

लुधियाना के रायकोट में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गयी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर-4 से उसके उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल जग्गा को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हमला आप विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने किया।

खन्ना के वार्ड नंबर-15 में भी मतदान शुरू होते ही कांग्रेस और आप समर्थकों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को शांत रहने की चेतावनी दी। इसी वार्ड में भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह पर भी हमला किये जाने का आरोप लगा। जसवीर सिंह ने कहा कि कुछ बाहरी लोग वार्ड में घूमकर फर्जी वोटिंग करवा रहे थे। विरोध करने पर उन पर तेजधार हथियार से हमला किया गया और उनकी पगड़ी तक उतार दी गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और समर्थकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गयी।

धूरी नगर परिषद चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व ओएसडी प्रोफेसर ओंकार सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रोफेसर ओंकार सिंह कुछ महीने पहले आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उनकी हिरासत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को पुलिस ने धूरी जाने से रोक दिया, जिस दौरान उनकी संगरूर के एसएसपी के साथ तीखी बहस भी हुई।

अबोहर में पुलिस ने एनएसयूआई की नेमप्लेट लगी हरियाणा नंबर की गाड़ी में घूम रहे चार युवकों को हिरासत में लिया। दूसरी ओर फरीदकोट में आप विधायक गुरदित्त सेखों ने भाजपा पर आर्मी स्कूल बस का इस्तेमाल कर वोटरों को लाने का आरोप लगाया, जिसके बाद वहां भी हंगामा खड़ा हो गया। चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं। पूरे राज्य में करीब 35 हजार पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मतदान केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन समेत नौ प्रकार की वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मतदान के चलते राज्य में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है और शराब बिक्री पर भी रोक लगायी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित