चंडीगढ़ , मई 23 -- पंजाब में आगामी 26 मई को होने जा रहे नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए कुल 7,555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं।
पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने शनिवार को बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) के सबसे अधिक 1,801 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। वहीं कांग्रेस के 1,550, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 1,316 और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के 1,251 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं।
इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं 1,528 निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि 13 उम्मीदवार अन्य दलों से चुनावी मैदान में हैं।
राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि सभी उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है और चुनाव को शांतिपूर्ण तथा निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित