चंडीगढ़ , अक्टूबर 31 -- पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने इस सूची में सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा मैदान में उतारा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां कोटकपूरा से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के बाद जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी लुधियाना पश्चिम से टिकट दिया गया है।
श्री मान और आप पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने दिल्ली में पत्रकार वार्ता के दौरान उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इससे पहले दिल्ली में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक हुई, जिसमें उम्मीदवारों के नामों को अंतिम मंजूरी दी गई।
पहली सूची में कैबिनेट मंत्रियों को शामिल नहीं किए जाने की चर्चा के विपरीत संजीव अरोड़ा का नाम घोषित किया गया है। श्री अरोड़ा फिलहाल कथित धनशोधन मामले में गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं। ईडी ने उन्हें इस साल मई में गिरफ्तार किया था। यह मामला हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े कथित धनशोधन और फर्जी जीएसटी बिलिंग गिरोह से संबंधित है। जांच एजेंसी के आरोपों के अनुसार, इस मामले में करीब 100 करोड़ से 157.12 करोड़ रुपये तक के कथित वित्तीय लेन-देन, फर्जी निर्यात और मुखौटा कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। अरोड़ा इस कंपनी के पूर्व प्रबंध निदेशक रह चुके हैं। आप ने इन आरोपों को भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है।
पहली सूची में प्रमुख नामों में अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, एसएएस नगर से कुलवंत सिंह और होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा 'जिम्पा' शामिल हैं। पार्टी ने करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमवीर सिंह घुम्मन, उरमर से जसवीर सिंह राजा गिल, चब्बेवाल से ईशांक कुमार चब्बेवाल और गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौड़ी को भी उम्मीदवार बनाया है।
लुधियाना जिले में पार्टी ने लुधियाना पूर्व से दलजीत सिंह ग्रेवाल, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना मध्य से अशोक पराशर पप्पी, लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा, लुधियाना उत्तर से चौधरी मदन लाल बग्गा और पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को मैदान में उतारा है। मालवा क्षेत्र में बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, धर्मकोट से देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, फाजिल्का से नरेंद्रपाल सिंह सवना और मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़ को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जनमाजरा और पटियाला से अजीतपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
श्री मान ने उम्मीदवारों की सूची समय से पहले जारी करने को पार्टी की मजबूत तैयारी और अपने काम पर भरोसे का संकेत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि यह घोषणा पार्टी की तैयारी, पारदर्शिता और अब तक किए गए काममें अटूट विश्वास का प्रतीक है। श्री केजरीवाल ने भी सूची जारी होने के बाद पार्टी के उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि राज्य में आप के भीतर पहले से ही 30 से 40 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चाएं थीं। ऐसे में पहली सूची में सभी 40 उम्मीदवारों के मौजूदा विधायक होने को पार्टी की ओर से फिलहाल अपने विधायकों पर भरोसा जताने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। बाकी उम्मीदवारों की घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा कि पार्टी अन्य सीटों पर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका देती है या नए चेहरों को मैदान में उतारती है। जिन क्षेत्रों में मौजूदा विधायकों के बावजूद नए हलका प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, वहां भी टिकट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पहले उम्मीदवारों के नाम जारी करने के पीछे पार्टी की रणनीति प्रत्याशियों को प्रचार के लिए पर्याप्त समय देना मानी जा रही है। इससे उम्मीदवार अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल बनाने और मतदाताओं तक पहुंचने के लिए पहले से सक्रिय हो सकेंगे। साथ ही टिकट से वंचित नेताओं की नाराजगी दूर करने और उन्हें संगठन में दूसरी जिम्मेदारी देने के लिए भी पार्टी को समय मिलेगा।
117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर भारी बहुमत से सरकार बनाई थी। अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले चुनाव के लिए मतदान फरवरी-मार्च के दौरान होने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित