चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- पंजाब और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस रहा। शुक्रवार के मुकाबले तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। चंडीगढ़में रातों में भी तेज गर्मी रहने के आसार जताये गये हैं। छब्बीस से 30 अप्रैल के बीच बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

राज्य के मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर औरपटियाला जिलों में कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनने के आसार हैं। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का, बरनाला और लुधियाना में कुछ जगहों पर रात में गर्मी रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार फाजिल्का, मुक्तसर और बठिंडा में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित