चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश और आंधी का सिलसिला अब थम गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 अप्रैल तक मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है और किसी भी तरह की बारिश या आंधी को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी शुरू हो गई है, हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड अभी भी महसूस की जा रही है। बीते दिन की तुलना में आज अधिकतम तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से 4.8 डिग्री कम बना हुआ है। राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस होशियारपुर और अमृतसर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम में आए इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता रही, जो इस समय जम्मू और आसपास के क्षेत्रों में प्रभावी है। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। वहीं उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जबकि ऊंचाई पर तेज गति से चल रही जेट स्ट्रीम इन मौसम प्रणालियों को और बल दे रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित