चंडीगढ़ , मई 23 -- पंजाब और चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में एक बार फिर इजाफा हुआ है। पेट्रोल के दाम में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। मोहाली में पेट्रोल की कीमत सबसे ज्यादा 103.39 रुपए प्रति लीटर पहुंच गयी है। इससे पहले 15 मई और 19 मई को भी तेल कंपनियां कीमतें बढ़ा चुकी हैं। यानी महज नौ दिनों में तीसरी बार लोगों को महंगे ईंधन का झटका लगा है।
चंडीगढ़ में पेट्रोल अब 98.93 रुपए प्रति लीटर और डीजल 86.93 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। 15 मई से पहले डीजल 82.45 रुपए प्रति लीटर था, जो अब करीब चार रुपए महंगा हो चुका है।
पेट्रोल-डीजल महंगा होने का सीधा असर परिवहन क्षेत्र पर पड़ने की आशंका है। टैक्सी, ऑटो और माल ढुलाई के किराए बढ़ सकते हैं। इसके साथ ही सब्जियां, राशन और रोजमर्रा की जरूरत की चीजें भी महंगी हो सकती हैं। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती तेल दर से माल ढुलाई की लागत बढ़ रही है।
जानकारों के मुताबिक तेल कंपनियों का घाटा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि 'ब्रेक-ईवन' यानी नो प्रॉफिट-नो लॉस की स्थिति तक पहुंचने के लिए पेट्रोल के दाम में करीब 28 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 32 रुपए प्रति लीटर तक और बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है।
फिलहाल पेट्रोल पर 29.5 फीसदी और डीजल पर 36.5 फीसदी की कमी बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ईरान युद्ध के कारण वैश्विक ऊर्जा बाज़ार में आपूर्ति प्रभावित रही तो आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित