चंडीगढ़ , मई 14 -- पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है और आने वाले दिनों में लोगों को लू का सामना भी करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने आज 7 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। बुधवार शाम को भी मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला था। तेज आंधी और कुछ समय तक हुई बारिश के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर नुकसान भी हुआ।

विभाग का कहना है कि अगले दो दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 17 मई से लू चलने की संभावना है। उत्तर भारत के ऊपर हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 16 मई के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए भी परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई जरूरी काम न हो तो लोग घर से बाहर निकलने से बचें। अस्पतालों में लू लगने के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसके अलावा पेट से जुड़ी बीमारियों के मरीज भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित