चंडीगढ़ , सितंबर 26 -- पंजाब और चंडीगढ़ में अगले दो दिन मौसम बदलने की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को बठिंडा 37 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहा।
शनिवार को पंजाब के 15 जिलों में बारिश के आसार हैं। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी चलने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तरनतारन में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित