चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक आज बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसके प्रभाव से राज्य के कुछ जिलों में बादल छाने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 अक्टूबर को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 अक्टूबर को मौसम फिर शुष्क रहने का अनुमान है। इस बीच राज्य के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। बठिंडा में सबसे अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

विभाग के मुताबिक उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसका असर कुछ चुनिंदा जिलों तक सीमित रहने की संभावना है।

राज्य में मौसम ठंडा होने के साथ बिजली की मांग में भी कमी आने लगी है। आज सुबह छह बजे बिजली की मांग 6420 मेगावाट दर्ज की गई। इस दौरान पंजाब ने केंद्रीय पूल और अन्य स्रोतों से 3033 मेगावाट बिजली प्राप्त की, जबकि निर्धारित शेड्यूल 3158 मेगावाट था। इस तरह तय मात्रा से 125 मेगावाट कम बिजली ली गई।

राज्य में बिजली उत्पादन 3390 मेगावाट दर्ज किया गया, जबकि बिजली की फ्रीक्वेंसी 49.97 हर्ट्ज रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित