नयी दिल्ली , जुलाई 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 'डिटॉक्स' के लिए कर्नाटक के बेंगलुरु जाने को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा है कि राज्य को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत नहीं है, जो समय-समय पर डिटॉक्स के लिए जाते हों।
गौरतलब है कि 'डिटॉक्स' शरीर से हानिकारक विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने और अंगों को स्वस्थ रखने की प्राकृतिक प्रक्रिया है। भाजपा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है, जो तब गायब रहते हैं जब राज्य को उनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है।
बेंगलुरु की यह 'डिटॉक्स' यात्रा श्री मान की पहली यात्रा नहीं है। वर्ष 2022 में भी वे ऐसे ही एक कार्यक्रम के लिए गये थे। बाद में उन्होंने खुद सबके सामने माना था कि वे शराब पीते है और अपनी माँ की कसम खाई थी कि वह शराब छोड़ देंगे।
भाजपा ने कहा कि आज अकाल तख्त द्वारा 'गुरु द्रोही' और 'खालसा पंथ विरोधी' घोषित किए जाने के बाद पंजाब की जनता का सामना करने, सवालों के जवाब देने और विनम्रता दिखाने के बजाय वे एक बार फिर बेंगलुरु चले गए हैं।
भाजपा ने कहा कि पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की ज़रूरत नहीं है जो समय-समय पर डिटॉक्स के लिए जाता हों। पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की ज़रूरत है जो सरकार को अहंकार, भ्रष्टाचार, अराजकता, टूटे वादों और सिख संस्थाओं के प्रति अनादर से मुक्त करे। पंजाब को नेतृत्व चाहिए, न कि बहाने, दिखावा या बार-बार डिटॉक्स रिट्रीट।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित