मुकेरियां (होशियारपुर) , जुलाई 15 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर-1 बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की तरक्की और खुशहाली के लिए है। मुकेरियां हलके में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में किये गये अपने वादों को पूरा किया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता की लड़ाई में उलझी हुई है, जबकि उनकी सरकार लोगों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पहले ही कह दिया है कि यदि उनकी सरकार बनी तो वर्तमान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों के आधार पर आम आदमी पार्टी को मजबूत जनादेश दें ताकि विपक्ष को सत्ता में आने का अवसर न मिले।
अकाली दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल भेजा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने धर्म का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया और अपने शासनकाल में पंजाब को माफिया और नशे की समस्या की ओर धकेला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के टैक्स का पैसा जनता के विकास पर खर्च कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है, 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गयी हैं, कई टोल प्लाजा बंद किए गए हैं, जिससे प्रतिदिन लगभग 70 लाख रुपये की बचत हो रही है और राज्यभर में सड़क एवं अन्य बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के समय सिंचाई के लिए केवल 22 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग हो रहा था, जो अब बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गया है। नहरों और नदियों में रिचार्ज प्वाइंट बनाये गये हैं, जिससे भूजल स्तर में दो से चार मीटर तक सुधार हुआ है।
शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब ने प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, शिक्षकों के प्रशिक्षण और सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण से यह उपलब्धि संभव हुई है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के 65 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। अब तक 30 लाख से अधिक स्वास्थ्य कार्ड जारी किये जा चुके हैं और करीब 650 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि धान सीजन के दौरान पहली बार किसानों को दिन के समय आठ घंटे से अधिक निर्बाध बिजली उपलब्ध करायी गयी है, जिससे खेती को बड़ा लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने मावां-धीयां सत्कार योजना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का पंजीकरण जुलाई में नहीं हो पाया, उन्हें अगस्त में तीन महीने की एकमुश्त राशि दी जाएगी और यह योजना तब तक जारी रहेगी, जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित