चंडीगढ़ , जून 21 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्य में महाराजा रणजीत सिंह के दौर को फिर से स्थापित करने संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यह दावा न केवल ऐतिहासिक रूप से बल्कि भौगोलिक दृष्टि से भी असंभव है और पंजाब के लोगों को ऐसे सपने बेचने के बजाय उनकी मौजूदा समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
राजा वडिंग ने रविवार को कहा कि पंजाब इस समय कृषि संकट, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशे की समस्या और बढ़ती गैंगस्टर संस्कृति जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में लोगों को इतिहास में वापस ले जाने की बातें करने के बजाय इन ज्वलंत मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि श्री नवीन ऐसे दावे करने वाले पहले नेता नहीं हैं, लेकिन पंजाब के लोग अब इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी से प्रभावित नहीं होते। राज्य के नागरिक आज अपने अस्तित्व और भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब चाहते हैं।
कांग्रेस नेता ने भाजपा अध्यक्ष से सवाल किया कि क्या उनकी पार्टी पंजाब की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग करेगी, चाहे राज्य में किसी भी दल की सरकार हो। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार पंजाब के मुद्दों के समाधान के लिए राज्य में भाजपा सरकार बनने की शर्त रखती है, तो लोगों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
राजा वडिंग ने दावा किया कि पंजाब की जनता अच्छी तरह जानती है कि निकट भविष्य में भाजपा के लिए राज्य में सरकार बनाना आसान नहीं है। उन्होंने श्री नवीन के दौरे के दौरान भाजपा मंच पर मौजूद पूर्व कांग्रेसी नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसके वर्तमान और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी कांग्रेस से गये हुए नेता रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब पार्टी को अपने संगठन को मजबूत करने के लिए दूसरे दलों के नेताओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है, तब पंजाब में सरकार बनाने के दावे वास्तविकता से दूर नजर आते हैं।
उन्होंने दोहराया कि पंजाब के लोगों को बड़े-बड़े सपनों और नारों की नहीं, बल्कि किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित