चंडीगढ़ , मई 01 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शुक्रवार को कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार साढ़े चार वर्षों के शासन के बाद हर मोर्चे पर विफल रहने के कारण अब एक 'ड्रामा कंपनी' बनकर रह गयी है।

श्री चुघ ने कहा कि भगवंत मान सरकार का एकमात्र योगदान यह रहा है कि पंजाब को गैंगस्टरों और जबरन वसूली करने वालों के हवाले कर दिया गया, जो नशा माफिया, भूमि माफिया और आतंक माफिया चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने असली मुद्दों को उठाने के लिए अलग से 'जनता दी विधानसभा' सत्र आयोजित किया, जिसमें बेरोजगारी, किसानों का कल्याण और महिलाओं का हित जैसे विषय मुख्य चिंता रहे। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार द्वारा घोषित सभी योजनाएं, चाहे स्वास्थ्य बीमा योजना हो या महिलाओं की पेंशन योजना, पूरी तरह विफल साबित हुई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान की जोड़ी ने जनकल्याण की कीमत पर पंजाब को लूटकर अपने खजाने भरे हैं। अब जब आप सरकार अपने अंतिम दौर में है, तब मजदूरों के नाम पर विशेष जनता विधानसभा सत्र बुलाने का नाटक किया जा रहा है।

श्री चुघ ने सवाल किया कि यदि सरकार वास्तव में मजदूरों के प्रति गंभीर थी, तो वह पिछले चार वर्षों तक सोई क्यों रही? उन्होंने कहा कि आप सरकार के दौरान पंजाब की अर्थव्यवस्था बदहाल हो गयी है और राज्य पर कर्ज बढ़कर लगभग साढ़े चार लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पंजाब को ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया है जहां किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिला, सरकारी कर्मचारी अपने महंगाई भत्ते के लिए परेशान हैं, युवाओं के पास उम्मीद की कोई दिशा नहीं है और महिलाएं भी बेहद निराश हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित