चंडीगढ़ , अगस्त 08 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को 'शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग' का शुभारंभ करते हुए बताया कि पंजाब को अब अपनी आईपीएल जैसी टी-20 क्रिकेट लीग मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि छह फ्रेंचाइजी टीमों वाली यह प्रतियोगिता 30 अगस्त से 13 सितंबर तक मोहाली स्थित पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि लीग के लिए पंजाब के 450 से अधिक खिलाड़ियों का पूल तैयार किया गया है, जो नौ अगस्त को होने वाली नीलामी में हिस्सा लेंगे। इससे पंजाब के उभरते क्रिकेटरों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर महत्वपूर्ण अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
श्री मान ने कहा कि पंजाब ने हमेशा देश को प्रतिभाशाली क्रिकेटर दिये हैं और राज्य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा पंजाब को खेलों के क्षेत्र में और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि खेलों को नशे के खिलाफ अभियान का प्रमुख हथियार बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 'शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग' में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल फाजिल्का फाल्कन्स, अर्शदीप सिंह लुधियाना लायंस, अभिषेक शर्मा अमृतसर सूरमाज, प्रभसिमरन सिंह जालंधर वॉरियर्स, रमनदीप सिंह मोहाली किंग्स और गुरनूर बराड़ बठिंडा रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे।उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित करने वाले ये खिलाड़ी लीग की प्रतिष्ठा बढ़ाएंगे। सभी मुकाबले मोहाली के पीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
श्री मान ने कहा कि पंजाब वर्तमान में भारतीय क्रिकेट टीम की रीढ़ बना हुआ है और राज्य के 21 खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं। अब ये खिलाड़ी पंजाब की अपनी टी-20 लीग के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब क्रिकेट लीग में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी पंजाब से होंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार नीलामी में शामिल होने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, विहान मल्होत्रा, इमांजोत सिंह चहल, अश्वनी कुमार और कृष्ण भगत शामिल हैं। लीग राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेली जाएगी और प्रत्येक टीम आठ लीग मैच खेलेगी। उन्होंने कहा कि इस लीग से युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने का अनुभव मिलेगा और उन्हें स्थापित खिलाड़ियों से सीखने का अवसर भी प्राप्त होगा।
श्री मान ने बताया कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए 'खेड़ां वतन पंजाब दियां' का आयोजन हर वर्ष किया जा रहा है तथा 3,100 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब पहली बार अक्टूबर-नवंबर में हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा और अब राज्य की अपनी क्रिकेट लीग भी शुरू होने जा रही है।
इस अवसर पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता, सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर और उपाध्यक्ष दीपक बाली ने लीग के लोगो वाली टी-शर्ट मुख्यमंत्री को भेंट की। भारतीय क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह और रमनदीप सिंह ने भी मुख्यमंत्री को सम्मान के तौर पर क्रिकेट बैट और गेंद भेंट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित