संगरूर , नवंबर 1 -- ) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेस चुनाव प्रबंधन और समन्वय समिति के अध्यक्ष विजय इंदर सिंगला ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति तत्काल सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब को फिर अंधकारमय दौर में नहीं धकेला जाना चाहिए और लोगों को भयमुक्त वातावरण में रहने का अधिकार मिलना चाहिए।

रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में श्री सिंगला ने हत्याओं, नशे से जुड़ी मौतों और नशा कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा पर चिंता जताई। उन्होंने गुलजार सिंह और नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के मामलों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि सरकार नशे और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताने वाले लोगों की सुरक्षा करने में कितनी सक्षम है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस में अपराध से निपटने की क्षमता है और उसने आतंकवाद के दौर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हालांकि, प्रभावी पुलिसिंग के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति और पुलिस को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखना जरूरी है। सरकार की जिम्मेदारी है कि पुलिस बिना किसी राजनीतिक दबाव के नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करे।

श्री सिंगला ने कहा कि राज्य में असुरक्षा का माहौल व्यापारियों और उद्योगपतियों को निवेश करने तथा कारोबार का विस्तार करने से हतोत्साहित कर रहा है। जब तक कारोबारियों को सुरक्षित माहौल का भरोसा नहीं होगा, तब तक रोजगार के अवसरों में वृद्धि संभव नहीं है।

सरकार पर प्रचार को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सवाल किया कि पंजाब के करदाताओं का पैसा राज्य से बाहर विज्ञापनों पर क्यों खर्च किया जा रहा है, जबकि यहां के लोग गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के आप नेता चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवासों से पंजाब का प्रशासन चला रहे हैं और राज्य नेतृत्व की निर्णय लेने की स्वतंत्रता पर सवाल उठाए।

श्री सिंगला ने महिलाओं को एक हजार रुपये मासिक सहायता, पेंशन में बढ़ोतरी, अस्थायी कर्मचारियों को नियमित करने और रोजगार देने के वादों पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने शगुन योजना के तहत सहायता वितरण और कर्मचारियों के बकाया भुगतान को लेकर भी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।

कांग्रेस सरकार बनने पर कल्याणकारी योजनाएं बंद किए जाने की आशंकाओं को खारिज करते हुए श्री सिंगला ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब और कमजोर वर्गों को मजबूत करने के लिए काम किया है। उन्होंने रोजगार गारंटी कानून, किसानों की कर्ज राहत तथा कांग्रेस सरकारों के दौरान पेंशन और अन्य वित्तीय सहायता में बढ़ोतरी का उल्लेख किया।उन्होंने सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी रोकने में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार को अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए, न कि एक-दूसरे पर आरोप लगाकर जिम्मेदारी से बचना चाहिए।

चार नवंबर को होने वाली इंसाफ रैली के बारे में श्री सिंगला ने बताया कि राहुल गांधी सुबह 10 बजे संगरूर जिले के फगुवाला गांव में रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि रैली में नशे, कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और शासन से जुड़े पंजाब के मुद्दे उठाए जाएंगे। इसे 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के अभियान की शुरुआत भी बताया।

श्री सिंगला ने कहा कि रैली में पंजाब के विभिन्न हिस्सों से लोग शामिल होंगे। उन्होंने जोर दिया कि जनता का विश्वास बहाल करना, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना राज्य की राजनीति के केंद्र में होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित