चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- पंजाब में मोहाली के मेयर सरबजीत सिंह ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को पहली बार एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के लीग मुकाबले 27 अक्टूबर से दो नवंबर तक जालंधर में होंगे, जबकि सेमीफाइनल, फाइनलऔर तीसरे स्थान के लिए मुकाबले चार और पांच नवंबर को मोहाली में खेले जाएंगे।

श्री सिंह ने कहा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत, बंगलादेश, जापान, चीन, मलेशिया और दक्षिण कोरिया की टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पंजाब में हॉकी सहित अन्य खेलों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के लिए जालंधर और मोहाली के स्टेडियमों के उन्नयन पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें जालंधर के स्टेडियमों के लिए 16 करोड़ रुपये और मोहाली के स्टेडियमों के लिए लगभग 8.90 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

मेयर ने कहा कि राज्य सरकार की 'खेल क्रांति' पहल के तहत अब तक करीब 40 हजार खिलाड़ियों को लगभग 135 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मोहाली में करीब 32 स्टेडियमों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों से जोड़ने का आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित