चंडीगढ़ , अक्टूबर 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में हत्याओं, अपहरण, नशा तस्करी और गिरोहबंदी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल है।

उन्होंने कहा कि पंजाब को इन समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए राज्य में भाजपा की सरकार जरूरी है।

श्री चुघ ने सोमवार को मोगा में दो युवकों की हत्या, पटियाला के एक युवक के अपहरण के बाद संगरूर में उसका शव मिलने और दोआबा में एक व्यक्ति पर हुए हमले का जिक्र करते हुए सरकार से पूछा कि इन मामलों में अब तक क्या कार्रवाई हुई है और कितने आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि नशा तस्करी, रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क पंजाब की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बन गए हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान पर खर्च की गई राशि और उसके परिणामों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही, नशा तस्करी, अवैध दवा बिक्री, जेलों से संचालित नेटवर्क और सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों तथा हथियारों की कथित तस्करी की निष्पक्ष जांच पर जोर दिया।

श्री चुघ ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब से नशे का पूर्ण सफाया करने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए केवल छोटे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेटवर्क के संचालकों, वित्तपोषकों और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार से हत्याओं और अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने, नशा विरोधी अभियान के परिणाम सार्वजनिक करने तथा अपराधियों के कथित राजनीतिक संबंधों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। चुग ने कहा कि भाजपा पंजाब को नशामुक्त और भयमुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित