अमृतसर , अप्रैल 09 -- पंजाब में अमृतसर ग्रामीण पुलिस, गुरदासपुर पुलिस और एसएसओसी-अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ एक संयुक्त अभियान में विदेश स्थित हैंडलर द्वारा संचालित आईएसआई-प्रायोजित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों से पांच हैंड ग्रेनेड, दो विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर के साथ पीटीटी टाइमर ,9 वोल्ट की बैटरी, आईईडी सामग्री (कील युक्त एक किलोग्राम उच्च विस्फोटक), केबल और ट्रिगर मैकेनिज्म के साथ एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी बरामद किया है।
श्री यादव ने कहा कि यह बरामदगी सार्वजनिक शांति को भंग करने के उद्देश्य से बड़े हमलों की तैयारी का संकेत देती है। उन्होंने कहा कि विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना कलानौर, गुरदासपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। विदेशी हैंडलर्स और स्थानीय सहायता नेटवर्क सहित अगले-पिछले संपर्कों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित