चंडीगढ़ , अक्टूबर 08 -- पंजाब सरकार नौ अक्टूबर को राज्य के सभी 23 जिलों के करीब 19,200 सरकारी प्राथमिक, मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में मेगा अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित करेगी। इसमें करीब 25 लाख अभिभावकों के शामिल होने की उम्मीद है। इस बार पीटीएम की थीम 'हर दिन, इक कदम अग्गे' रखी गई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने गुरुवार को कहा कि पीटीएम अभिभावकों को शिक्षकों के साथ बैठकर बच्चों की प्रगति समझने और उनके भविष्य की बेहतर योजना बनाने का अवसर देगी। उन्होंने कहा कि स्कूल और परिवार मिलकर बच्चों को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दे सकते हैं।

बैठक के दौरान शिक्षक प्रत्येक विद्यार्थी की रिपोर्ट कार्ड, कक्षा में प्रदर्शन, उपस्थिति, खूबियों और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों पर अभिभावकों से चर्चा करेंगे। इसके आधार पर विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार व्यक्तिगत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। अभिभावकों को घर पर बच्चों की पढ़ाई में सहयोग के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि सरकार का जोर प्रत्येक बच्चे पर व्यक्तिगत ध्यान देने और उसकी प्रगति के लिए अनुकूलित सीखने की योजना तैयार करने पर है। उन्होंने कहा कि 'हर दिन, इक कदम अग्गे' के तहत बच्चों की सीखने की यात्रा को गति देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

पीटीएम के दौरान विद्यार्थियों से जुड़ी सहायता योजनाओं के बारे में भी अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों को शिक्षा में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सरकार के अनुसार यह पहल स्कूलों और परिवारों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से 'पंजाब शिक्षा क्रांति' का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित