चंडीगढ़ , सितंबर 05 -- पंजाब के मोहाली मे शिक्षक दिवस के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक शिक्षक के बेटे हैं और शिक्षक के जीवन की चुनौतियों को करीब से समझते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को नमन करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने में उनकी भूमिका सबसे अहम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने को प्राथमिकता दी गई। स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जहां पहले बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ते थे, वहां अब बेंच उपलब्ध हैं। इसके अलावा शौचालय, कक्षाओं की व्यवस्था, क्लेरिकल और नॉन-टीचिंग स्टाफ की भर्ती तथा शिक्षकों के प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पेरेंट-टीचर मीटिंग (पीटीएम) शुरू करने का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई और प्रगति से सीधे जोड़ना है। पिछली पीटीएम में करीब 24 लाख अभिभावकों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकारी स्कूलों के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित