रूपनगर/चंडीगढ़ , जुलाई 28 -- पंजाब यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा 'शुभी' के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के रूपनगर स्थित आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई और उन्होंने बैरिकेड तोड़ते हुए मंत्री के आवास तक पहुंचकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए आवास के बाहर लगे नामपट्ट पर काला रंग भी पोत दिया। प्रदर्शन के समय शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद आनंदपुर साहिब के तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया।
यूथ कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में शिक्षा मंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर इस्तीफा नहीं दिया गया तो चंडीगढ़ स्थित शिक्षा मंत्री के कार्यालय का घेराव किया जाएगा और पूरे पंजाब के जिला मुख्यालयों पर शिक्षा मंत्री तथा पंजाब सरकार के पुतले फूंके जायेंगे।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शुभम शर्मा 'शुभी' ने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के कार्यकाल में कई भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, लेकिन अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था और अब पंजाब में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस की बारी है।
शुभी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले सार्वजनिक रूप से कहा था कि यदि पंजाब में पेपर लीक होगा तो संबंधित मंत्री से इस्तीफा लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि अब पार्टी अपने ही वादे से पीछे हट रही है और उसके दोहरे मापदंड सामने आ गये हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यूथ कांग्रेस पूरे पंजाब में अपना आंदोलन जारी रखेगी और आने वाले दिनों में विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित