चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब , जुलाई 28 -- पंजाब के जल संसाधन , भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को बस्सी पठानां विधानसभा क्षेत्र के खंट मानपुर गांव में लगभग 57.01 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इस मौके पर श्री गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक खेतों तक नहरी पानी पहुंचाना और लगातार गिर रहे भूजल स्तर को बचाना है। इन परियोजनाओं से 173 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और नहरी सिंचाई का दायरा 24 हजार एकड़ से बढ़कर 37 हजार एकड़ से अधिक हो गया है। माइनरों के पक्का होने से अब किसानों को उनके खेतों तक सीधे नहरी पानी उपलब्ध होगा, जिससे सिंचाई व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

उन्होंने बताया कि बस्सी, सरहिंद, खेड़ी, भामियां, कोटला और गोबिंदगढ़ डिस्ट्रिब्यूटरी माइनरों के अंतर्गत 82.76 किलोमीटर नहरों को पक्का किया गया है, जबकि 58.85 किलोमीटर पाइपलाइन और खालों का निर्माण पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे पानी और बिजली दोनों की बचत होगी, किसानों की ट्यूबवेल पर निर्भरता कम होगी तथा सिंचाई की लागत में भी उल्लेखनीय कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जल संसाधनों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और नहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस एवं दूरदर्शी कदम उठाये हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने राज्य के जल संसाधनों के मुद्दे पर केवल राजनीति की, जबकि मौजूदा सरकार किसानों को लंबे समय तक टिकाऊ और भरोसेमंद सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नहरी ढांचे के आधुनिकीकरण के जरिए प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। उनके अनुसार इन परियोजनाओं से किसानों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि बस्सी पठानां विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किये जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जा सकें और गांवों के विकास को नयी गति मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित